kalyan singh death news: पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया, कहा- हाशिए पर खड़े करोड़ों लोगों की आवाज थे – pm modi condoles the death of kalyan singh


नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि भारत के सांस्कृतिक उत्थान में उनके योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। उन्होंने कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह से बात की और संवेदनाएं प्रकट कीं।

प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक ट्वीट में कहा, ‘उनके निधन से मैं निशब्द हूं। कल्याण सिंह…राजनेता, वरिष्ठ प्रशासक, जमीनी नेता और बहुत अच्छे इंसान। उत्तर प्रदेश के विकास में वह अमिट छाप छोड़ गए हैं। उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात की ओर संवेदनाएं प्रकट की।’

उन्होंने कहा, ‘भारत के सांस्कृतिक उत्थान में कल्याण सिंह के योगदान के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। भारतीय मूल्यों में उनकी गहरी आस्था थी और हमारी सदियों पुरानी परंपराओं पर गर्व किया करते थे।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने समाज के पिछड़े और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों को आवाज दी और किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में कई प्रयास किए।

दरअसल, कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा शनिवार रात जारी बयान में कहा गया कि सिंह लंबे समय से बीमार थे और उनके अंगों ने धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया जिससे शनिवार शाम उनका निधन हो गया।

बीजेपी के कद्दावर नेता कल्याण सिंह को पिछली चार जुलाई को संक्रमण और हल्की बेहोशी की वजह से एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज डॉक्टर राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट में चल रहा था।

दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।

kalyan-singh



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *